हिसार : महिला की हत्या मामले में आरोपी ई रिक्शा सहित काबू

 

चार लाख रुपये देने से बचने के लिए की महिला की हत्या

हिसार, 17 जून (हि.स.)। हिसार सदर पुलिस ने खरड़ गांव में महिला की हत्या के

मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान हांसी के प्रेम

नगर निवासी हरपाल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मृतका की अपने पड़ोसी हरपाल

के साथ जान-पहचान थी।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मृतका ने कुछ समय पूर्व अपना प्लॉट बेचकर

प्राप्त राशि में से लगभग चार लाख रुपए उसे दिए थे।

मृतका लगातार अपनी रकम वापस मांग

रही थी, जिससे आरोपी परेशान था। आरोपी ने रुपए लौटाने से बचने के उद्देश्य से योजनाबद्ध

तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि घटना वाली रात आरोपी मृतका को

ई-रिक्शा में बैठाकर अपने साथ ले गया। दोनों एक स्थान पर चाय पीने के बाद गांव खरड़

के खेतों की ओर गए, जहां आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो

गया।

सदर थाना से सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि 15 जून को गांव खरड़ के

खेतों में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम एवं फोरेंसिक

विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मामले में हत्या का मामला

दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान हांसी के प्रेम नगर निवासी

पासो देवी के रूप में हुई। पुलिस द्वारा घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, टायरों के

निशानों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए आरोपी हरपाल को दबोच लिया गया। पुलिस

ने आरोपी हरपाल को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद

कर ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर