सिरसा: अपहरण व दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

 

सिरसा, 14 जून (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र में नागालिग युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने रविवार को बताया कि पीडि़ता के पिता ने डबवाली पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अपहृत युवती को बरामद कर आरोपी काकू सिंह को जिले क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

एसपी ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की सुरक्षा, ऑनलाइन गतिविधियों एवं सामाजिक संपर्कों पर सतर्क निगरानी रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

फर्जीवाड़ा कर ट्रैक्टर हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मजदूरों के नाम दर्जनों टै्रक्टर खरीद कर खुर्द-बुर्द करने के मामले में आरोपीे कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सीएचएन इंडस्ट्रियल कंपनी में कार्यरत जसवीर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि रिसालियाखेड़ा निवासी सूर्याप्रकाश कंपनी में मैनेजर के तौर पर ट्रैक्टर लोन करवाने का काम करता था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर फर्जी कागजात तैयार किए। आरोपियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए ऐलनाबाद की सतगुरु ऑटोमोबाइल्स एजेंसी से तीन तथा डबवाली क्षेत्र की विभिन्न एजेंसियों से 29 ट्रैक्टर निकलवाकर आगे बेच दिए। शिकायत के आधार पर थाना ऐलनाबाद में तीन व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सुराग जुटाते हुए आरोपी कुलदीप सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर खुर्द-बुर्द किए गए ट्रैक्टरों का पता लगाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मामले का मुख्य आरोपी सूर्याप्रकाश पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma