जींद : दस करोड़ की प्रोपर्टी हड़पी, चार पर मामला दर्ज
जींद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उचाना थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर लगभग दस करोड़ की चल व अचल संपत्ति हडपने पर चार लोगों को नामजद कर कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खटकड़ निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2008 में टायल तथा ब्लॉक की कंपनी का काम शुरू किया था। जिसका कार्यालय उचाना पेट्रोल पंप पर था। उसने फर्म के नाम से बैंकों में खाते खुलवाए थे। गांव संदलाना (हिसार) निवासी विरेंद्र उसकी फर्म का बिना रजिस्ट्रड पार्टनर रहा है। जो पंचायतों, सरकारी तथा गैर सरकारी महकमों में की डिलिंग करता था। उन्होंने वर्ष 2023 तक मिल कर फैक्टरी चलाई। आरोपित फर्म के खातों को भी आपरेट करता रहा। आरोपितों ने फर्म के खातों में आए रुपयो को निकलवा लिया। फर्म को बेचने के फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए।
छानबीन में सामने आया कि विरेंद्र तथा उसके भतीजे विजय ने झूठी पार्टनर डीड भी तैयार करवा ली। जिसमें उसके झूठे हस्ताक्षर किए गए थे। जिसको लेकर पंचायतें भी हुई। दो करोड़ 71 लाख रुपये विरेंद्र की तरफ निकले थे। आरोपितों ने सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। फैक्टरी के संसाधनों को भी अपने कब्जे में ले लिया। आरोपित विरेंद्र ने कुछ लोगों के साथ मिलीभगत कर लगभग दस करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। शुक्रवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी सचिन ने बताया कि पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर गांव संदलाना हाल उचाना निवासी विरेंद्र, उसके भतीजे विजय, नोटरी फूल सिंह स्टाम्प विक्रेता को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा