जींद : आढ़ती से एक करोड़ 21 लाख हड़पे, चार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 


जींद, 04 नवंबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने अनाज मंडी के आढ़ती की मार्फत धान की फसल खरीद एक करोड़ 21 लाख साढ़े 31 हजार रुपये हड़पने पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाउसिंग बोर्ड निवासी महाबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। जनवरी 2020 में मैसर्ज सम्मान राइस मिल सदरवाला मुक्तसर (पंजाब) की फर्म ने उससे 14 मार्च 2020 तक धान की फसल खरीदी थी। फर्म में मुक्तसर निवासी रामपाल, गांव चकवाला निवासी गुरसेवक, सरोज रानी, हरीश पार्टनर थे। गत 25 फरवरी को जब फर्म से हिसाब किताब किया गया तो एक करोड़ 21 लाख साढ़े 31 हजार रुपये बकाया मिले। आरोपितों ने उसे कुछ राशि के चैक दिए। जबकि 13 लाख साढ़े 31 हजार रुपये बाद में देने की बात कही। जब उसने चैकों को बैंक में लगाया तो वे खाते बंद मिले।

चैकों के बाउंस होने पर उसने आरोपितों से संपर्क किया तो उन्होंने राशि देने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना पुलिस ने महाबीर की शिकायत पर आरोपित रामपाल, गांव चकवाला निवासी गुरसेवक, सरोज रानी, हरीश के खिलाफ धोखाधड़ी करने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी अमित ने बताया कि व्यापारी द्वारा धोखाधड़ी कर राशि हड़पने की शिकायत दी गई थी। फिलहाल महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा