अक्टूबर-नवंबर में होगी हरियाणा स्टेट अकाउंट्स सर्विस परीक्षा
- ग्रुप-बी और सी के नियमित कर्मचारियों ने किया आवेदन
चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हरियाणा स्टेट अकाउंट्स सर्विस (एचएसएएस) ऑर्डिनरी ब्रांच-2026 परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोषागार एवं लेखा विभाग ने अक्टूबर-नवंबर में प्रस्तावित पार्ट-1 और पार्ट-2 परीक्षा के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थाओं और अन्य पात्र संगठनों में कार्यरत नियमित ग्रुप-बी और ग्रुप-सी कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 30 जुलाई इसकी आखिरी तारीख थी।
अब आवेदनों के हिसाब से परीक्षा की तिथि और परीक्षा केंद्रों की घोषणा अलग से की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में केवल वही कर्मचारी शामिल हो सकेंगे, जिनकी पात्रता संबंधित विभाग प्रमाणित करेगा। विभागाध्यक्ष अथवा उनके द्वारा अधिकृत अतिरिक्त निदेशक स्तर के अधिकारी को यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित कर्मचारी कार्यकुशल है, उसकी सत्यनिष्ठा संदेह से परे है तथा पिछले 10 वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में कम से कम 70 प्रतिशत प्रविष्टियां 'गुड' या उससे बेहतर श्रेणी की हैं। जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि 10 वर्ष से कम है, उनके उपलब्ध सेवा रिकॉर्ड के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।
सरकार ने वर्ष 2014 की विभिन्न नियमितीकरण नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों को भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी है। हालांकि यह अनुमति फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले और इस संबंध में जारी होने वाले अंतिम सरकारी निर्देशों के अधीन रहेगी। जिन कर्मचारियों की पात्रता किसी न्यायिक विवाद के कारण लंबित है या जिनके मामले अदालत में विचाराधीन हैं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
कोषागार एवं लेखा विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचएसएएस पार्ट-2 उत्तीर्ण करने के बाद अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, सेवा रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर आवेदन में दी गई जानकारी गलत, अधूरी या भ्रामक पाई गई तो अभ्यर्थिता तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। विभाग ने यह अधिकार भी सुरक्षित रखा है कि वह कारण दर्ज करते हुए किसी भी आवेदन को अस्वीकार कर सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा