पानीपत : घर में लगी आग , शादी की खुशियां मातम में बदली

 


पानीपत, 23 मार्च (हि.स.)। यहां के विकास नगर स्थित शादी वाले एक घर में अचानक से बाइक में आग लग गई। बाइक से शुरू हुई आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और कमरे में सो रही महिला और बच्चा धुएं में दम घुटने से बेहोश हो गए। पड़ासियों की मदद से उनको बाहर निकाला गया। घर में भतीजा-भतीजी की शादी की तैयारी चल रही थी। शादी के लिए जुटाया गया शादी का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

जानकारी के अनुसार, विकास नगर में आग की ये घटना जयपाल के मकान में साेमवार काे हुई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी थी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर ओर बाइक ढांचे में तब्दील हो चुके थे। गृह स्वामी जयपाल ने बताया कि गैस की तरह पेट्रोल की भी किल्लत न हो जाए, इसके लिए एहतियात के तौर पर अपने बेटे को बाइक की टंकी फुल कराने भेजा था। बेटा पेट्रोल डलवाकर लौटा और बाइक को घर के अंदर साइड स्टैंड पर खड़ा कर दिया। इस दौरान बाइक का इंजन और साइलेंसर काफी गर्म था। पेट्रोल फुल होने के कारण टंकी से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। जैसे ही पेट्रोल गर्म इंजन पर गिरा, उसने तुरंत आग पकड़ ली। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में लिया। आग से बाइक कुछ ही देर में धूं धूं कर जलने लगी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा शादी का पूरा सामान भी जलकर राख हो गया। घर में आग लगने के समय जयपाल की पुत्रवधू व पोता एक कमरे में सो रहे थे। आग और धुएं के कारण वे कमरे में ही फंस गए। परिवार ने उन्हें बचाने के लिए खूब आवाजें दीं, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में उनको बाहर निकाला, तब तक वे बहोशी की हालत में थे। काफी देर बाद उनको होश आया। आग की सूचना तुंरत फायर ब्रिगेड को दी गई और साथ ही बाल्टियों से पानी डाल कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग बुझाने में कई घंटे लगे। तब तक घर का पूरा सामान जल चुका था। जयपाल ने बताया कि जल्द ही भतीजे और भतीजी की शादी होने वाली थी। इस उत्सव के लिए परिवार ने कड़ी मेहनत की कमाई से भारी खरीदारी की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा