नूंह के डिप्टी सिविल सर्जन 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
नूंह, 15 जून (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नूंह जिले में तैनात डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मनप्रीत को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अस्पताल मंडीखेड़ा, पुन्हाना में डिप्टी सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत था।
एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी जीएनएम डिग्रीधारक हैं और दोनों पुन्हाना में “लबूजा करीम” नाम से एक अस्पताल संचालित करते थे। गत 4 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया था। इसके साथ ही सिटी थाना पुन्हाना में विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला भी दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि डॉ. मनप्रीत अस्पताल की सील खुलवाने और शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी का नाम दर्ज मुकदमे से निकलवाने के बदले 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह केवल 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर पाया और उसने इसकी सूचना एसीबी गुरुग्राम को दे दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान आरोपी डॉ. मनप्रीत को 50 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी के वाहन से बरामद की गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुरूप की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया