एसीबी का लंबित मामलों पर हाेगा फोकस, रेड और जांच होगी तेज
चंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्रवाई को तेज करने का फैसला किया है। एसीबी द्वारा लंबित मामलों को निपटाने की रणनीति तैयार की गई है। अब आने वाले दिनों में एसीबी द्वारा लगातार छापे मारे जाएंगे। यह फैसला एसीबी प्रमुख एएस चावला की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में लिया गया। एसीबी प्रमुख ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि हर कार्रवाई ठोस साक्ष्यों पर आधारित हो, ताकि भ्रष्टाचार पर निर्णायक प्रहार करते हुए आमजन का विश्वास मजबूत किया जा सके।
बैठक के दौरान रेड की प्रगति, लंबित जांचों के शीघ्र निस्तारण, स्रोत सूचना रिपोर्ट की गुणवत्ता, न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में दोष सिद्धि दर बढ़ाने तथा कार्यालयों के रख-रखाव एवं तकनीकी उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई तेज, सटीक और परिणामोन्मुख होनी चाहिए। एसीबी प्रमुख ए एस चावला ने मंडल अधिकारियों एवं यूनिट इंचार्जों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार के मामलों में निरंतर और प्रभावी रेड सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक कार्रवाई ठोस तथ्यों एवं पुख्ता साक्ष्यों पर आधारित हो ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशानी ना हो और निष्पक्षता बनी रहे।
लंबित जांचों के शीघ्र निपटान हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाई जाए। साथ ही, प्रत्येक आसूचना रिपोर्ट को तथ्यात्मक, विश्वसनीय एवं मजबूत आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे आगे की कार्रवाई प्रभावी हो सके। बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों में दोष सिद्धि दर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा