फतेहाबाद: एसीबी ने पटवारी को 50 हजार रिश्वत लेते दबोचा
फतेहाबाद, 15 मई (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबाला की टीम ने जिला के टोहाना में बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय में कार्यरत पटवारी उमेद बुरा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई शुक्रवार को एसीबी के डीएसपी ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
बताया गया है कि पटवारी उमेद बुरा ने एक व्यक्ति से शामलात (पंचायत) जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े कार्य को पूरा करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को पहले ही सूचित कर चुका था।
शिकायत के आधार पर डीएसपी अंबाला के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पटवारी को पैसे सौंपे, ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सतर्क टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
टीम द्वारा आरोपी के हाथ धुलवाने पर केमिकल के कारण पानी का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि मौक़े पर ही हो गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम ने बीडीपीओ कार्यालय में मौजूद जमीन से जुड़े राजस्व दस्तावेजों और अन्य पेंडिंग फाइलों की गहनता से जांच की ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी और किन मामलों में संलिप्त था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा