हांसी : पेड़ से टकराई बाइक, एसी मैकेनिक युवक की मौत
बुआ से मिलकर लौट रहे थे दोनों युवक, हादसे में साथी गंभीर, हिसार रेफर
हांसी, 14 सितंबर (हि.स.)। बरवाला बाईपास स्थित झंडेवाला मंदिर के पास हुए
सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से
घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़
से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर किया गया
है।
मृतक की पहचान बवानी खेड़ा क्षेत्र के गांव ढाणी कुशाल निवासी अमन के रूप में
हुई है, जबकि घायल युवक जींद जिले के गांव छोटा दनोद निवासी शशि बताया गया है। जानकारी
के अनुसार दोनों युवक रविवार रात बाइक पर हिसार से हांसी की तरफ आ रहे थे। वे सिसाय
पुल पर अपनी बुआ से मिलकर वापस लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे झंडेवाला मंदिर के पास
पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से
घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर
पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने
अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शशि की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के
बाद हिसार रेफर कर दिया।
दो भाइयों में बड़ा था अमन
परिजनों के अनुसार अमन दसवीं कक्षा के बाद से एसी रिपेयरिंग का काम करता था।
वह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है, जबकि अमन के पिता ड्राइवर
हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर