सोनीपत: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में एसी खराब, एसडीई निलंबित, कंपनी पर केस दर्ज
सोनीपत, 14 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 13 अगस्त को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय में कार्यक्रम के दौरान सभागार की एसी व्यवस्था ठीक से काम नहीं करने
के मामले में विद्युत निगम के एसडीई युद्धवीर दलाल को निलंबित कर दिया गया। निलंबन
आदेश 14 अगस्त को सामने आए। निलंबन अवधि में उन्हें रोज कुलसचिव कार्यालय में हाजिरी
देनी होगी।
विश्वविद्यालय
के अनुसार सभागार की एसी व्यवस्था की सर्विस, मरम्मत और विद्युत
कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी युद्धवीर दलाल की थी। 13 अगस्त को मुख्यमंत्री के विश्वविद्यालय
पहुंचने के दौरान सभागार में ठंडक की समस्या सामने आई। निर्माण विभाग की रिपोर्ट पर
उन्हें निलंबित किया गया। कुलपति श्रीप्रकाश ने बताया कि दिक्कत सामने आने पर विद्युत
निगम के एसडीई को तत्काल निलंबित किया गया। संबंधित कंपनी के खिलाफ भी मुरथल थाने में
मामला दर्ज कराया गया है।
सभागार
की वातानुकूलन व्यवस्था का काम समय पर पूरा नहीं करने वाली मेसर्स क्लाइमावेनिटा क्लाइमेट
टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों, अधिकृत प्रतिनिधियों और जांच में सामने
आने वाले अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया गया है।
विश्वविद्यालय
की शिकायत के मुताबिक कंपनी ने वातानुकूलन व्यवस्था की मरम्मत के लिए 28 लाख 45 हजार
रुपये अग्रिम लिए थे, लेकिन तय समय में काम पूरा नहीं किया। बाद में अतिरिक्त पुर्जे
लगाने के लिए 6.15 लाख रुपये और मांगे गए। विश्वविद्यालय ने पत्र, ई-मेल और स्मरण पत्र
भेजकर काम पूरा करने को कहा, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय
को दूसरी एजेंसी से काम करवाना पड़ा।
मुरथल
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की शिकायत 13 अगस्त को मिली थी।
पुलिस कार्य आदेश, भुगतान रिकॉर्ड, तकनीकी रिपोर्ट, कंपनी से बातचीत और दूसरी एजेंसी
को दिए काम से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच में किसी अन्य की भूमिका या कोई
और अपराध सामने आया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना