पानीपत : ज्वेलरी की दुकान से लाखों के आभूषण लेकर कारीगर फरार
पानीपत, 27 मार्च (हि.स.)। पानीपत के सुभाष बाजार में एक ज्वेलरी बनाने वाला कारीगर लाखों रुपए के सोने के आभूषण और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गया। आरोपी कारीगर ने न केवल अपने मालिक को चपत लगाई, बल्कि अन्य ज्वेलर्स की दुकानों से भी गहने ऐंठ लिए जिसकी शिकायत दुकानदारों ने पुलिस को दी है।
शहर थाना पुलिस ने मुख्य शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में न्यू जगन्नाथ विहार कॉलोनी निवासी सचिन वर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि उनकी सुभाष बाजार में श्यामा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने दुकान के ऊपर स्थित कमरे में पश्चिम बंगाल निवासी मोईदुल मोलिक को रिपेयरिंग के काम के लिए रखा था। सचिन के अनुसार, उन्होंने मोईदुल को करीब 4.85 लाख रुपए के जेवरात मरम्मत के लिए दिए थे। जब सचिन 25 मार्च को उज्जैन की यात्रा से वापस लौटे, तो आरोपी कमरे का ताला लगा मिला। जांच में पता चला कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है। इसमें करनाल के सुरजीत कुमार की तीन लाख रुपए की ज्वेलरी और एक लाख 20 हजार रुपए नकद व मोहम्मद अहसान के 34.400 ग्राम सोने के आभूषण शामिल है। आरोपी लगभग 86 ग्राम सोना और एक लाख 20 हजार रुपए नकद, कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपए की चपत लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा