हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड के तीनों फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी रमेश शर्मा भी पुलिस
के शिकंजे में
जूनागढ़ में हिसार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त
कार्रवाई
हिसार, 24 अगस्त (हि.स.)। शहर के सूय नगर निवासी
जीवन कुंडू हत्याकांड में फरार चल रहे तीनों प्रमुख आरोपियों को हरियाणा पुलिस ने गुजरात
के जूनागढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 50 हजार रुपये का इनामी
मुख्य आरोपी रमेश शर्मा भी शामिल है। हिसार पुलिस और एसटीएफ की टीम ने तकनीकी निगरानी
और मानव खुफिया तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सोमवार को पत्रकारों
से बातचीत में बताया कि चार अगस्त को सूर्यनगर निवासी जीवन कुंडू की 10-12 लोगों ने
मारपीट कर हत्या कर दी थी। मामले में एचटीएम थाना में केस दर्ज किया गया। वारदात के
बाद मुख्य आरोपी सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा के अलावा भारत नगर निवासी विशाल उर्फ बाबा
और सूर्यनगर निवासी सौरभ उर्फ मोल्ड फरार चल रहे थे। रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर पुलिस
ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार
आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस
टीमें तकनीकी निगरानी के साथ मानव खुफिया तंत्र के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर
नजर रख रही थीं। इसी दौरान आरोपियों के गुजरात के जूनागढ़ में
छिपे होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने दबिश देकर
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से हत्याकांड में लंबे समय
से फरार चल रहे तीनों प्रमुख आरोपी अब कानून के शिकंजे में आ गए हैं।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि
गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध करने
के बाद फरार होकर कानून से बचने की कोशिश करने वालों को कहीं भी छिपने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के साथ
पीड़ितों को न्याय दिलाना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। डीजीपी ने कार्रवाई
में शामिल हिसार पुलिस, एसटीएफ और अन्य टीमों को बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर