आआपा को नशा बढ़ाने, भ्रष्टाचार करने एवं जनता को गुमराह करने का अनुभव: नायब सैनी
- राज्य सरकार की नाकामी ने पंजाब को नशे में धकेला
- पंजाब में भाजपा करेगी नशे पर होगी निर्णायक कार्रवाई
चंडीगढ़, 21 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को जनता से किए गए वादों को पूरा न करने पर घेरते हुए कहा कि आप पार्टी ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की फसल खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन पांच साल बाद भी इन्होंने वादे पूरे नहीं किए। आआपा ने महिलाओं, किसानों, गरीबों के साथ धोखा किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के सितो में आयोजित नशा विरोधी यात्रा-नशा मुक्त पंजाब कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे कि नशे को खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे, पंजाब को रंगला पंजाब बनाने का काम करेंगे। लेकिन बड़े दुख की बात है कि यह सिर्फ वोट लेने के लिए कही गई बातें थी। आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। हकीकत ये है कि पंजाब में चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है, यह सोचने की बात है।
मुख्यमंत्री ने भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें नशे को बढ़ाने का, नशे में युवाओं को फंसाने,प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ाने,युवाओं को लूटने का अनुभव हो गया है। आज युवाओं को बचाने और उन्हें संभालना एक चुनौती है। पंजाब जो कभी अपने शूरवीरों के लिए और कुश्ती-कबड्डी के लिए पूरे देश का गौरव होता था, उसे एक गहरी साजिश और राज्य सरकार की नाकामी के कारण नशे की आग में धकेलने का काम किया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के लोगों की भावनाओं के साथ मजाक किया है। ये सरकार माफ करने लायक नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। हरियाणा सरकार ने अवैध ‘डंकी रूट’ के माध्यम से युवाओं को विदेश भेजने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया है और कार्रवाई भी की है। वहीं, विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार के सुरक्षित और पारदर्शी अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और किसी को भी पंजाब के युवाओं का भविष्य खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा