पलवल में टेलीग्राम टास्क के नाम पर युवक से ढाई लाख ठगे
पलवल, 09 अप्रैल (हि.स.)। पलवल में टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन टास्क का झांसा देकर एक युवक से 2.55 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि मिकी देव नामक युवक ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 7 अप्रैल की सुबह उसे टेलीग्राम पर एक लिंक और मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें ऑनलाइन टास्क पूरा करने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया गया था।
शुरुआत में ठगों ने छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर पीड़ित के खाते में कुछ रकम भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने बड़े मुनाफे का लालच देते हुए उसे अलग-अलग खातों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा।
जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उससे संपर्क बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, जिन बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग