जींद : ऑपरेशन मुस्कान ने बिछड़े बच्चे को परिजनों से मिलाया
जींद, 04 अप्रैल (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिलेभर में चलाए जा रहे जींद पुलिस निरंतर बिछड़े हुए मासूमों को उनके परिवारों से मिलाने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को थाना जुलाना के अंतर्गत आने वाली मंडी चौकी पुलिस ने मात्र अढाई साल के मासूम बच्चे को सुरक्षित ढूंढ कर उसके परिजनों को सौंपने का काम किया।
मामले की जानकारी देते हुए जुलाना मंडी चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि गांव ब्राह्मणवास निवासी फूलकुमार जो पेशे से प्लंबर हैं का अढाई वर्षीय पुत्र रक्षित अचानक घर से लापता हो गया था। बच्चे के गायब होने से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों का बुरा हाल था। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर बच्चे के संबंध में सूचना प्रसारित की गई।
सूचना मिलते ही मंडी चौकी जुलाना इंचार्ज अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए और स्थानीय लोगों की सहायता से कन्या गुरुकुल जुलाना के पास बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। जब पीड़ित पिता फूलकुमार को सूचना मिली कि उनका बेटा पुलिस के पास सुरक्षित है तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रक्षित को उसके पिता को सौंप दिया। बच्चे के पिता फूल कुमार ने जिला पुलिस और विशेषकर जुलाना पुलिस टीम व स्थानीय निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरा परिवार बहुत दुखी था और हम चारों तरफ भटक रहे थे लेकिन पुलिस की तत्परता और सहयोग ने हमारे घर की खुशियां दोबारा लौटा दी हैं।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान हरियाणा पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण अभियान है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मासूम अपने परिवार से दूर न रहे। जींद पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई लावारिस बच्चा दिखाई दे तो तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा