जींद : जम्मू-कटरा नेशनल हाइवे पर खड़े टैंकर से टकराया टैंकर, एक की मौत
जींद, 14 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली-जम्मू कटरा नेशनल हाइवे पर गांव भागखेड़ा के निकट सड़क के बीच खड़े टैंकर को दूसरे टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें टैंकर चालक गांव शिमलापुरी, लुधियाना (पंजाब) निवासी भगवंत सिंह की मौत हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक के भाई मनप्रीत की शिकायत पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव शिमलापुरी, लुधियाना (पंजाब) निवासी मनप्रीत ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई भगवंत सिंह टैंकर चलाता था। वह पिछले 10 साल से टैंकर चला रहा था। गत 12 अगस्त को रात को उसका भाई भगवंत सिंह अपने टैंकर में लोहे का स्क्रैप लेकर दिल्ली से लुधियाना के लिए निकला था। जब उसका भाई टैंकर लेकर भागखेड़ा गांव के आसपास पहुंचा तो सड़क के बीच में खड़े दूसरे टैंकर से उसके भाई का टैंकर टकरा गया। जिसमें उसका भाई घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों द्वारा भगवंत सिंह को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनप्रीत ने कहा कि अज्ञात चालक की ही इसमें लापरवाही है। उसने अपने टैंकर में पंक्चर होने के बावजूद सड़क के बीच में ही खड़ा कर दिया था। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा