पलवल: कार व बाइक की टक्कर में युवक की मौत, साथी घायल

 


पलवल, 19 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान इस्लामाबाद निवासी सौरभ के रूप में हुई है। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस्लामाबाद निवासी लक्ष्मण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा सौरभ बघौला स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोमवार रात को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह चिरवाड़ी गांव निवासी अपने साथी सोनू के साथ बाइक से घर लौट रहा था। बाइक सोनू चला रहा था, जबकि सौरभ पीछे बैठा हुआ था।

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सत्य साईं अस्पताल के सामने पहुंचने पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपित चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इसी दौरान उसके स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए और उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कार और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग