हिसार की छात्रा कीर्ति को मिला वीडियो कॉल के माध्यम से प्रधानमंत्री के साथ संवाद का विशेष अवसर

 


राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से वाणिज्य विभाग

में उत्साह का वातावरण

हिसार, 10 अप्रैल (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की एमकॉम (प्रिवियस) की छात्रा

कीर्ति को राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल हुई है। विभाग की छात्रा को वीडियो कॉल

के माध्यम से प्रधानमंत्री के साथ संवाद का विशेष अवसर मिला है। इस अवसर पर गीता मनीषी

स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

तथा वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. मोनिका ने छात्रा को बधाई दी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान

कर सम्मानित किया।

स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने भी छात्रा

को आशीर्वाद देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जीवन में उच्च लक्ष्य

प्राप्त किए जा सकते हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे छात्रा की उपलब्धि की सराहना

करते हुए कहा कि इस प्रकार की सफलताएं विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम

होती हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।

वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. मोनिका ने छात्रा

के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वाणिज्य विभाग के लिए गर्व

का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

यह उपलब्धि ‘माय भारत बजट क्वैस्ट 2026’ प्रतियोगिता

से संबंधित है, जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत

केंद्र, हिसार के माध्यम से आयोजित किया गया। देशभर से 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों

ने इसमें भाग लिया, जिनमें से केवल 22 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया

गया।

फाइनल राउंड के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को

12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में आमंत्रित किया गया

है। इस अवसर पर प्रतिभागियों को वीडियो कॉल के माध्यम से प्रधानमंत्री के साथ संवाद

का विशेष अवसर भी प्राप्त होगा। साथ ही प्रतिभागियों के आने-जाने का पूरा खर्च भारत

सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर