हिसार : नवोदय विद्यालय हॉस्टल में सांप ने छात्रा को डसा, गंभीर

 


पाबड़ा स्थित नवोदय विद्यालय की घटना

हिसार, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव पाबड़ा स्थित नवोदय

विद्यालय में सांप ने छात्रा को डस लिया। छात्रा को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल

कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाबड़ा स्थित नवोदय विद्यालय में गुरुवार देर रात्रि

एक सांप घुस गया। हॉस्टल में घुसे सांप ने 11वीं कक्षा की छात्रा को डस लिया। बताया

जा रहा है कि घटना के समय छात्रा हॉस्टल में सो रही थी। अचानक उसे सांप ने डस लिया।

अचानक दर्द का आभास होने पर छात्रा ने शोर मचाया तो अन्य छात्राओं की भी आंख खुल गई।

उन्होंने शोर मचाया और हॉस्टल वार्डन को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद छात्रा को प्राथमिक

चिकित्सा देकर पहले बरवाला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज

रैफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी मामले की जानकारी ले रहे हैं। छात्रा

के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं और वे स्कूल अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर