पानीपत:नेता जी एक्सप्रेस ट्रेन में लावारिस मिला छह माह का बच्चा

 


पानीपत, 28 जून (हि.स.)। दिल्ली से चलकर पानीपत के रस्ते चंडीगढ़ की ओर जा रही नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे में कोई परिवार करीब छह माह के मासूम बच्चे को सीट पर ही छोड़कर फरार हो गया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने जब इस बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो डिब्बे में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही पानीपत राजकीय रेलवे पुलिस की टीम डिब्बे में पहुंची और बच्चे को कब्जे में लेकर तुरंत जांच के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मौके से बच्चे के कपड़ों का एक बैग और एक रेल टिकट भी बरामद हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन रोजाना की तरह दिल्ली से चलकर पानीपत के रास्ते चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। ट्रेन जब पानीपत स्टेशन के नजदीक पहुंचने वाली थी, तभी स्लीपर कोच के यात्रियों ने देखा कि एक सीट पर करीब छह माह का एक मासूम बच्चा अकेला लेटा रो रहा है। काफी देर तक जब बच्चे के पास कोई नहीं आया, तो यात्रियों ने आसपास की सवारियों से पूछताछ की। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो यात्रियों ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। पुलिस ने मासूम बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया। जांच के दौरान सीट पर बच्चे के पास से एक बैग भी मिला, जो छोटे बच्चों के कपड़ों और दूध आदि के सामान से भरा हुआ था। इसके साथ ही पुलिस को वहीं से एक यात्रा टिकट भी बरामद हुआ है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चा छोड़ने वाला शख्स किस स्टेशन से सवार हुआ था। जीआरपी ने बच्चे को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की विशेष टीम बच्चे के स्वास्थ्य की निगरानी में लगी है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा