जींद : राष्ट्रीय लोक अदालत में 9138 केसों का निपटारा

 


जींद, 09 मई (हि.स.)। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कम चेयरपर्सन पूनम सुनेजा ने की अध्यक्षता में न्यायिक परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 9871 मामले रखे गए। इनमें से 9138 मामलों का मौके पर ही निपटा किया गया। इसमें दो करोड़ 58 लाख 83 हजार 542 रुपये की राशि का सेटलमेंट किया गया। लोक अदालत में मोटर व्हीकल दुर्घटना से संबंधित सात मामले, हिंदू मैरिज एक्ट से संबंधित 75 मामले, चेक बाउंस से संबंधित 187 मामले, दीवानी मामलों से संबंधित 173 मामले, आपराधिक मामलों से संबंधित 951 मामलेए बैंक लोन से संबंधित 14 मामलों का निपटान किया गया। लोक अदालत में आए 9,871 मामलों में से 9,138 मामलों का निपटान किया गया।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित सिहाग ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जसवीर सिंह अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जींद, फैमिली कोर्ट की प्रिंसिपल जज कीर्ति जैन, विवेक सिंह प्रथम श्रेणी ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट जींद, पारिंदर सिंह प्रथम श्रेणी ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट जींद, अश्विनी गुप्ता प्रथम श्रेणी ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट नरवाना, अनीशा रानी प्रथम श्रेणी ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट सफीदों के बेंच गठित किए गए।

लोक अदालत में कई तरह के मामले रखे गए। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित सिहाग ने बताया कि लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए क्योंकि लोक अदालत के मामले का निपटारा आपसी सहमति से होता है । जिससे समय व धन की बचत होती है तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है। उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों, लोक अदालत में कार्यरत सभी कर्मचारी व अधिवक्ताओं को लोक अदालत के सुचारू रूप से संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, बिजली विभाग आदि के कार्य की सराहना की। प्राधिकरण सचिव ने बताया कि आगामी 30 मई को चेक बाउंस से संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा