जींद : ऑपरेशन न्यू डाउन से नशा तस्करों पर पुलिस व बिजली विभाग का संयुक्त प्रहार

 


जींद, 30 जून (हि.स.)। पुलिस द्वारा ऑपरेशन न्यू डाउन के तहत नशा तस्करों, अपराधियों तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सुनियोजित अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना शहर नरवाना, सीआईए स्टाफ नरवाना, बिजली विभाग नरवाना, डॉग स्क्वाड तथा थाना गढ़ी पुलिस तथा निरीक्षक मनोज कुमार के तहत संयुक्त टीमों द्वारा चमेला कॉलोनी, नरवाना एवं गांव धमतान साहिब में विशेष नशा विरोधी सर्च अभियान चलाया गया।

संयुक्त अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने भी व्यापक जांच करते हुए बिजली चोरी के मामलों पर कड़ी कार्रवाई की। चमेला कॉलोनी में छह अवैध कुंडी कनेक्शन पकड़े गए। जिनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। वहीं गांव धमतान साहिब में सात अवैध बिजली कनेक्शन पकड़े गए। दोनों स्थानों पर बिजली चोरी के मामलों में करीब तील लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान डॉग स्क्वाड की सहायता से चमेला कॉलोनी में घर-घर जाकर गहन तलाशी ली गई। पुलिस टीमों ने प्रत्येक संदिग्ध स्थान की बारीकी से जांच की ताकि नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। तलाशी के दौरान किसी भी घर से कोई नशीला पदार्थ अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, जो क्षेत्रवासियों के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना था। गांव धमतान साहिब में पुलिस द्वारा आठ संदिग्ध मोटरसाइकिलों को इम्पाउंड किया गया। जिनकी नियमानुसार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जींद पुलिस की स्पष्ट नीति है कि जहां भी नशा तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना प्राप्त होगी, वहां बिना किसी देरी के विशेष संयुक्त अभियान चला कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहींए बल्कि समाज में सुरक्षितए भयमुक्त एवं कानूनसम्मत वातावरण स्थापित करना भी है। डीएसपी कमलदीप राणा ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि उनके क्षेत्र में नशा तस्करी, बिजली चोरी अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा