हिसार : मीडिया क्षेत्र में सफलता के लिए रचनात्मकता के साथ-साथ विषय की गहन समझ भी आवश्यक : प्रो. योगेश चाबा

 


हिसार, 25 फरवरी (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में ‘कैमरा लाइट क्विज’ का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में कैमरा एंगल, लाइटिंग तकनीक, शॉट्स, एक्सपोजर और फिल्म निर्माण से जुड़े

प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ कार्यक्रम में

भाग लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो नरसी राम बिश्नोई ने इस आयोजन के लिए विद्यार्थियों

को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. योगेश चाबा ने की।

प्रो. योगेश चाबा ने बुधवार काे अपने संबोधन में कहा कि

यह आयोजन विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, विश्लेषण क्षमता और मीडिया समझ को सुदृढ़ करने

की दिशा में एक सफल पहल है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान

और टीमवर्क क्षमता को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र में सफलता के

लिए रचनात्मकता के साथ-साथ विषय की गहन समझ भी आवश्यक है। उनके प्रेरक शब्दों ने विद्यार्थियों

में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

प्रो. विक्रम कौशिक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों

को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं न केवल ज्ञान

बढ़ाती हैं, बल्कि मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास भी विकसित करती हैं। उन्होंने

विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और नवीन तकनीकों को सीखने की सलाह दी।

प्रश्नोत्तरी का आयोजन डॉ. मिहिर रंजन पात्र

के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन एमए प्रथम वर्ष की छात्राओं वैदेही, प्रेरणा और

भूमि द्वारा किया गया। प्रश्नोत्तरी की थीम ‘कैमरा और सिनेमेटोग्राफी’ रही, जिसमें पांच चरण

शामिल थे। प्रत्येक टीम में तीन प्रतिभागी थे तथा कुल नौ टीमों ने भाग लिया। डॉ. पात्र

ने इस आयोजन के प्रायोजक सुरेश स्टेशनर को भी धनयवाद दिया।

टीम ‘ब्रेनस्टॉर्मर्स के वंश, परीना और भूमिका

ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान मुस्कान, ईशाना और सोनू ने प्राप्त किया,

जबकि तृतीय स्थान किल टीम में कोमल, ईशान और लक्की ने हासिल किया।

इस अवसर पर डॉ. सुनैना डॉ. कुसुम लता, डॉ भूपेंद्र

एवं प्रवीण भी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा

की और इसे ज्ञानवर्धक पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को सम्मानित किया

गया तथा विद्यार्थियों ने इस क्विज को रोचक एवं प्रेरणादायक बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर