हांसी : गैस सिलेंडर मिला तो नहीं रहा परिवार की खुशी का ठिकाना, आरती उतारी

 


जगदीश कॉलोनी का सचिन पिछले कई दिनों से लगा

रहा था गैस के लिए चक्कर

हांसी, 22 मार्च (हि.स.)। यहां की जगदीश कॉलोनी

के एक व्यक्ति को काफी दिनों की इंतजार के बाद जब गैस सिलेंडर मिल गया तो परिवार की

खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जैसे ही व्यक्ति रविवार काे सिलेंडर लेकर घर पहुंचा तो परिजनों ने फूल-माला

पहनाकर उसका स्वागत किया। इतना ही नहीं, जब वो सिलेंडर लेकर पहुंचे तो घर की महिलाओं

ने उन्हें तिलक लगाकर आरती भी उतारी।

बताया जा रहा है कि जगदीश कॉलोनी के रहने वाले

सचिन ने सिलेंडर बुक करवाया था, लेकिन उन्हें कई दिन के इंतजार के बाद भी नहीं मिला।

इसके बाद कई हफ्तों से वो हर रोज गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते थे। जब नंबर

आता तो उन्हें तकनीकी समस्या बताकर वापिस भेज दिया जाता। जगदीश कॉलोनी निवासी सचिन

ने बताया कि गैस कनेक्शन उनके पिता जगदीश शर्मा के नाम पर है। जब से हरियाणा में गैस

की कमी हुई, तब से उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा था। उन्होंने कई बार ऑनलाइन बुकिंग

भी की।

सचिन ने कहा कि इसके बाद जब दो हफ्तों तक सिलेंडर

नहीं बुक हुआ तो गैस एजेंसी पर पहुंचा। वहां पहले से ही सिलेंडर के लिए मारामारी थी।

लोग लंबी लाइनों में लगकर सिलेंडर पाने का वेट करते थे। लेकिन कई हफ्तों तक मैं यूहीं

लाइन में लगकर मायूस होकर घर लौट आता।

सिलेंडर की उपलब्धता में कमी के साथ एजेंसी के

अलावा भी महंगे दामों में सिलेंडर मिल रहा था। उधर, हाथ में गैस कॉपी होने के बावजूद

एजेंसी में उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। कई प्रयासों के बाद आज रविवार को जैसे

ही उन्हें सिलेंडर मिला, परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

घर पहुंचते ही उनकी पत्नी ने फूल-मालाएं पहनाकर

स्वागत किया और तिलक लगाकर आरती उतारी। इस दौरान आसपास के लोग भी यह नजारा देखने के

लिए इकट्ठा हो गए और कई लोग यह पूछते नजर आए कि आखिर उन्हें सिलेंडर किस एजेंसी से

मिला। सचिन ने बताया कि पिछले साल 2025 में भी सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बावजूद

गैस बुकिंग नहीं हो पा रही थी। सिस्टम में उनका कनेक्शन किसी अन्य लोकेशन से जुड़ा

दिखाया जा रहा था, जिससे उन्हें बार-बार गैस एजेंसी के चक्कर काटने पड़ते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर