पलवल के घर्रोट में नवविवाहित दंपति ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटके मिले दोनों के शव
पलवल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के घर्रोट गांव में एक नवविवाहित दंपति के शव कमरे में फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय हंसराज और उसकी 26 वर्षीय पत्नी प्रीति के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दंपति बुधवार रात अपने कमरे में सोने गए थे। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। हंसराज की शादी करीब एक साल पहले राजस्थान के अलवर जिले के खोर गांव निवासी प्रीति से हुई थी। हंसराज एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
ग्रामीणों के अनुसार, हंसराज पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसका बड़ा भाई विकलांग है, जबकि माता-पिता भी शारीरिक रूप से असमर्थ हैं। ऐसे में परिवार का पूरा खर्च वही उठाता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग