हिसार के बरवाला में बनेगा नया 50 बेड का आधुनिक अस्पताल : आरती राव

 


परियोजना पर खर्च होंगे लगभग 6566.52 लाख रुपये

हिसार, 13 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य

सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इसी के

चलते सरकार ने जिला के बरवाला क़स्बा में एक नया 50 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने की

प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 6566.52 लाख रुपए खर्च

होने का अनुमान है।

प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने साेमवार काे बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण

अंचलों में रहने वाले लोगों को भी शहरों की तर्ज पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी के तहत बरवाला में इस बड़े अस्पताल

का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस नए अस्पताल के लिए

अलग से भूमि अधिग्रहण करने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि इसका निर्माण वर्तमान में

पहले से चल रहे सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल (एसडीएच) बरवाला के कैंपस के भीतर ही किया

जाएगा। इस नए 50 बेड के अस्पताल के बन जाने से बरवाला और उसके आसपास के दर्जनों गांवों

के ग्रामीणों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना

पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर