जींद : ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन ने किया शहर में प्रदर्शन

 


जींद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन हरियाणा ने शुक्रवार को मांगों को लेकर लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन भेज कर प्रदेश के असंगठित परिवहन क्षेत्र में कार्यरत ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा, टैक्सी, निजी बस, कैंटर, ट्रक तथा अन्य चारपहिया वाहनों के चालकों और क्लीनरों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।

ड्राइवरों के धरने की अध्यक्षता आजाद पांचाल ने की और ड्राइवरों को यूनियन के राज्य सचिव प्रदीप शर्मा, ऑल ड्राइवर मालिक यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र मुआना ने संबोधित किया। उन्होंने परिवहन मजदूरों के लिए नौकरी की सुरक्षा, आठ घंटे का कार्यदिवस, साप्ताहिक अवकाश, 42 हजार न्यूनतम मासिक वेतन, पीएफ, ईएसआई तथा 60 वर्ष की आयु के बाद 21 हजार मासिक पेंशन की व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

ड्राइवरों को संबोधित करते हुए सीटू जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र, उपाध्यक्ष कपूर सिंह ने कहा कि परिवहन क्षेत्र के मजदूर दिन-रात सड़कों पर रह कर यात्रियों और माल को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ट्रक चालकों को कई-कई दिनों तक अपने परिवार से दूर रहकर काम करना पड़ता है। केंद्र सरकार की वाहन स्क्रैप नीति, बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी, भारी टोल वसूली, डीजल व पेट्रोल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों तथा चालान की राशि में वृद्धि पर चिंता जताई गई है।

यूनियन ने परिवहन मजदूरों के लिए कल्याण बोर्ड गठित करने व ब्याजमुक्त ऋण आसान किश्तों पर उपलब्ध करवाने तथा ऑटो, ई रिक्शा और टैक्सी का बीमा सरकार की ओर से करवाने की मांग की है। सभी शहरों में बस स्टैंड के आसपास ऑटो, ई रिक्शा और टैक्सी स्टैंड के लिए जगह निर्धारित करने तथा महिलाओं और पुरुष चालकों के लिए अलग-अलग शौचालय एवं विश्राम गृह बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। यूनियन ने शहर में ई रिक्शा स्टैंड पर निशुल्क चार्जिंग प्वायंट, सामुदायिक भवनों में निशुल्क पार्किंग और रात्रि पाली में काम करने वाले चालकों के लिए रात्रि आश्रय गृह बनाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा