हिसार : महिला स्वराज संवाद में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व पर हुआ मंथन

 


महिलाओं के अधिकार, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता पर चर्चा, प्रतिभागियों

को वितरित किए प्रमाण पत्र

हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, हरियाणा की ओर से

महिलाओं के लिए रविवार काे एक दिवसीय महिला स्वराज संवाद का आयोजन किया गया। संगठन के राष्ट्रीय

अध्यक्ष सुनील पंवार के निर्देशानुसार तथा राज्य अध्यक्ष फोम लाल की अध्यक्षता में

आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक, राजनीतिक और लोकतांत्रिक भागीदारी के साथ

उनके अधिकारों, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर मंथन हुआ।

कार्यक्रम के आयोजक कमलेश राय और विकास राय रहे। संगठन के राष्ट्रीय प्रशिक्षक

श्याम पुरोहित ने रविवार काे डॉ. बीआर अंबेडकर के विचारों और स्वतंत्रता से पहले महिलाओं की सामाजिक

स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति और क्षमताओं को पहचानना होगा।

उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं को कमजोर न समझें और शिक्षा, संगठन तथा आत्मविश्वास

के बल पर समाज के हर क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाएं।

सत्र के दौरान वर्तमान राजनीति में महिलाओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं

ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और चुनाव लड़ने के अवसर मिलने के साथ उन्हें

स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने और नेतृत्व करने का अवसर भी मिलना जरूरी है। महिलाओं को

केवल पद तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपनी राजनीतिक पहचान और नेतृत्व क्षमता विकसित

करने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की प्रभारी उर्मिल धायल की भी

महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों के अनुसार, उनके सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन का यह

एकदिवसीय महिला स्वराज संवाद सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों

को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय टीम से निर्मल चौहान, राजेश श्योकंद और सज्जन गैबीपुर

तथा राज्य टीम से आशीष कुकी, रमेश डांगरा, विकास राय और सुदेश सोलंकी सहित संगठन के

कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर