जींद : 160 फुट ऊंचे मोबाइल टावर से 24 घंटे बाद उतारा सरफिरा युवक

 


लिव इन प्रेमिका से शादी की मांग पर एक सप्ताह में दूसरी बार टावर पर चढ़ा युवक

जींद, 07 सितंबर (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव बहादुगढ़ में लिव इन रिलेशन में रह चुकी महिला से शादी रचाने की मांग को लेकर रविवार को 160 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ा व्यक्ति 24 घंटे बाद सोमवार को सुरक्षित नीचे उतर आया। सदर थाना पुलिस ने आरोपित को डिटेन कर लिया। जिससे पूछताछ जारी है।

गांव बहादुगढ निवासी सुनील (35) शादीशुदा एवं दो बच्चों को पिता है। जो पिछले 24 घंटों से गांव में 160 फुट उंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ था। जिसकी मांग थी कि उसके साथ लिव इन रिलेशन में चुकी महिला को उसके पास लाया जाए और उससे शादी करवाई जाए। गत चार सितंबर को भी आरोपित उसी डिमांड को लेकर गांव रत्ताखेड़ा के टावर पर चढा था लेकिन आश्वासन देकर नीचे उतार लिया गया था। छह सितंबर को व्यक्ति फिर से गांव के मोबाइल टावर चढ़ गया और अपनी मांग रखी। रविवार को अधिकारियों तथा परिजनों ने सुनील से काफी अपील कर नीचे उतरने के लिए की लेकिन वह नीचे नही उतरा।

रातभर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर बनी रही। सुनील भी टावर पर बना रहा। हालातों का देखते हुए सोमवार को एचडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया। टावर पर चढ़े सुनील से सुबह से ही फोन पर परिजन तथा अधिकारी संपर्क बनाए हुए थे। दोपहर बाद परिजनों तथा अधिकारियों के प्रयास रगं लाए और छोटे भाई बजिंद्र ने सुनील को सुरक्षित नीचे उतर आया। टावर पर चढा होने के कारण सुनील भूख तथा प्यास से भी व्याकुल दिखाई दिया। एचडीआरएफ की टीम ने व्यक्ति को पानी पिला कर घर भेज दिया।

जिसके बाद सदर थाना सफीदों पुलिस गांव में पहुंची और सुनील को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि सुनील की खुद की पत्नी से अनबन चल रही है। जो पिछले एक साल से दूसरे गांव की महिला के साथ लिव इन रिलेशन मे रह रहा था। वह महिला भी तीन बच्चो की मां है। जो कुछ दिन पहले सुनील को छोड़ कर अपने बच्चों के पास चली गई। सुनील अपनी पत्नी से तलाक लेना चाहता है और लिव इन रिलेशन मे रह चुकी महिला के साथ शादी करना चाहता है। सदर थाना सफीदों प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि टावर पर चढ़ा व्यक्ति सुरक्षित नीचे उतर आया है। फिलहाल व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा