जींद : रंगदारी मांगने के आरोपित ने पुलिस हिरासत से भागने का किया प्रयास, काबू
जींद, 11 मई (हि.स.)। पुलिस ने नरवाना में चौथ मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपित ने पुल से नीचे छलांग लगा दी। जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक को काबू कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि मॉडल टाउन नरवाना निवासी व्यापारी नरेश जैन से कुछ युवकों ने हर माह एक लाख रुपये मंथली देने की बात कही थी। जिस पर पुलिस ने नरेश जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य व अन्य सुरागों के आधार पर सभी नामजद आरोपितों को काबू कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान गांव काब्रच्छा निवासी अमरजीत, प्रवेश, मयंक, राहुल तथा सचिन के रूप में हुई थी। रविवार को पांचों आरोपितों को गंजा कर बाजार में घुमाया गया ताकि लोगों में भय का माहौल न रहे। वहीं पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली थी। पुलिस द्वारा आरोपित राहुल, सचिन, मयंक व प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। जबकि मुख्य आरोपित अमरजीत का पुलिस रिमांड हासिल करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही थी।
सोमवार को थाना शहर नरवाना पुलिस आरोपी अमरजीत को बरामदगी के लिए रेलवे पुल हिसार नरवाना बाईपास के पास लेकर गई थी। जहां आरोपित ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश तथा पुल से नीचे छलांग लगा दी। जिससे आरोपित को पुलिस टीम ने तुरंत काबू कर लिया, उसके बाएं पैर में चोट लगी है। आरोपित को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में दाखिल करवाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा