सिरसा जिले को बड़ी सौगात, 22 अमृत सरोवरों का उद्घाटन
सिरसा, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सिरसा को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले के 22 अमृत सरोवराें का वर्चुअल माध्यम से उदघाटन किया। इसी कड़ी में सिरसा के स्थानीय पंचायत भवन में जिला स्तरीय अमृत सरोवर उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अमृत सरोवर मिशन के तहत सिरसा जिला के विभिन्न खंडों के गांवों को शामिल किया गया है। जिन मुख्य गांवों के तालाबों का आज उद्घाटन हुआ उनमें प्रमुख रूप से गांव बीरूवाला गुढा, झोरडऱोही, मलड़ी, नेजाडेला खुर्द के दो तालाब, रोड़ी, अहमदपुर दारेवाला, बनवाला, गोदिकां के दो तालाब, जमाल, रूपावास, पन्नीवाला मोटा, बचेर, बनी, केहरवाला, खारियां, मंगालिया, बाजेकां, भावदीन के दो तालाब तथा शाहपुर बेगू का तालाब शामिल हैं।
इस दौरान चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कहा कि अमृत सरोवर मिशन सरकार का एक महत्वाकांक्षी विजन है। इसका मुख्य उद्देश्य गांवों के पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार करना है। इन तालाबों को साफ कर इनका सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे न केवल गांवों का पर्यावरण सुधरेगा बल्कि भूमिगत जल स्तर में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि ये सरोवर केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए इनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि अमृत सरोवर योजना केवल तालाबों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास का सशक्त अभियान है। प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और अमृत सरोवर मिशन उसी सोच का परिणाम है। पुराने तालाबों का पुनर्जीवन होने से वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा, भूजल स्तर में सुधार आएगा तथा ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित जल स्रोत उपलब्ध होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma