जींद : चाबरी में सरपंच पद उपचुनाव को लेकर मतदान जारी
जींद, 10 मई (हि.स.)। गांव चाबरी में रविवार को सरपंच पद उपचुनाव को लेकर उपचुनाव जारी है। उपचुनाव को पुलिस द्वारा निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर बेहद कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से चार नाके लगाए गए हैं। चुनाव से पूर्व डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च निकाला ताकि लोग शांति पूर्ण तरीके से निष्पक्ष मतदान कर सके।
गांव चाबरी के सरंपच रोहताश की मौत के बाद से संरपंच पद खाली हुआ था। जिसके उपचुनाव की घोषणा के साथ बिजेंद्र, राकेश तथा विनोद ने आवेदन किया था। गांव मतदाताओं की सख्या 1224 है। जिसमें 639 पुरूष तथा 525 महिला मतदाता है।
रविवार को ठीक तय समय पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदाता भी अपना सरपंच चुनने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे।
चाबरी पंचायत उपचुनाव को लेकर धारा 163 लागू जिला जींद के गांव चाबरी में सरपंच पद के लिए होने वाले पंचायत उपचुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए गए हैं। गांव चाबरी में मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ जो शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही मतगणना की जाएगी तथा परिणाम घोषित किया जाएगा। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को हथियार, लाठी, गंडासा, भाला, तलवार या अन्य ज्वलनशील सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं है। मतदान और मतगणना समाप्त होने के बाद विजयी उम्मीदवारों द्वारा डीजे बजाने, विजय जुलूस निकालने या प्रदर्शन करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध है। उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि चुनाव के दौरान शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी संजय कुमार ने बताया की गांव के बाहरी रास्तों पर चार पुलिस नाके लगाए गए हैं। मतदान के प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा