हिसार में टाउन पार्क की नियमित साफ-सफाई व रखरखाव पर खर्च होंगे 36 लाख

 


हिसार, 18 मार्च (हि.स.)। शहरवासियों को स्वच्छ

और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से टाउन पार्क का व्यापक

नवीनीकरण कार्य करवाया गया है। इस पार्क का उद्घाटन कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री नायब

सिंह सैनी ने किया था। उद्घाटन के दौरान उन्होंने जानकारी दी थी कि इस परियोजना पर

लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत आई है। पार्क को आधुनिक सुविधाओं और विशेष थीम के साथ विकसित

किया गया है, जिससे यह शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है।

नवीनीकरण के तहत टाउन पार्क को पंचतत्व थीम पर

डिजाइन किया गया है, जो प्रकृति के पांच तत्वों पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश को

दर्शाता है। पार्क में बनाई गई झील लोगों के लिए शांति और सुकून का अनुभव प्रदान करती

है, जबकि टफन ग्लास से बना पुल पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र

बना हुआ है। इसके अलावा, ओपन थिएटर भी तैयार किया गया है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों

और सामाजिक आयोजनों का आयोजन किया जा सकता है।

नगर निगम के कार्यकारी अभियंता जयबीर डूडी ने

बुधवार काे बताया कि पार्क के रखरखाव को भी उतनी ही प्राथमिकता दी जा रही है जितनी इसके निर्माण

को दी गई थी। उन्होंने कहा कि टाउन पार्क की एक वर्ष की मेंटेनेंस पर लगभग 36 लाख

48 हजार 583 रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इस कार्य को सुचारू रूप से करने के लिए टेंडर

प्रक्रिया के माध्यम से एक एजेंसी का चयन किया गया है, जिसे करीब 32 लाख 31 हजार

934 रुपये में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि पार्क में नियमित साफ-सफाई,

हरियाली का रखरखाव और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर के लोगों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण

लगातार मिलता रहे। इस नवीनीकृत टाउन पार्क से न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि

यह शहरवासियों के लिए मनोरंजन और विश्राम का एक बेहतर स्थान भी साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर