हिसार : नवनियुक्त जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य का भाजपा जिला कार्यालय में भव्य स्वागत
संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों व बूथ स्तर पर संगठन मजबूती
बारे मंथन
हिसार, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में नवनियुक्त
जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य का पहली बार पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं
ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिला प्रभारी की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद
हिसार आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और संगठन
को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।
स्वागत कार्यक्रम के बाद जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य ने साेमवार काे जिला पदाधिकारियों
के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों, संगठनात्मक
गतिविधियों को गति देने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को
लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से
आपसी समन्वय के साथ पूरी सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
सुरेन्द्र आर्य ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित
कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों एवं
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं को
भी गंभीरता से सुनें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी
उतनी ही प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सकेगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, पूर्व मंत्री
डॉ. कमल गुप्ता और पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद
रहे। वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के
लिए कार्यकर्ताओं के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव साझा किए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपरा ने बताया कि बैठक में जिला उपाध्यक्ष
संजीव रेवड़ी, सतीश सुरलिया, मुनीश ऐलावादी, रामफल नैन, पीयूष मेहता, सुरेश जांगड़ा,
अशोक मित्तल, राज कुमार इंदौरा, हर्ष बामल, विनोद तोसावड़, अजय बेनीवाल, सतबीर वर्मा,
सीमा गोदारा, कुलदीप डेलू, कृष्ण खटाना सहित अनेक जिला पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता
उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर