हांसी में ज्वैलर्स की दुकान में लाखाें की चाेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

 


लाखों रुपए के सोने के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

आभूषण सहित वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद

हिसार, 12 जून (हि.स.)। हांसी पुलिस की एवीटी

टीम ने ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश

करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से

सोने के आभूषण व चोरी की वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया

है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव किला जफरगढ व हाल बरवाला निवासी

दीपक उर्फ दीपू व बरवाला निवासी आंचल तथा मीनाक्षी के रूप में हुई है।

इस संबंध में शहर थाना पुलिस द्वारा 8 जून को

स्थानीय ज्वैलर्स सुबे सिंह की शिकायत पर चोरी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

किया गया था। पुलिस को दी शिकायत में सूबे सिंह ने कहा था कि आठ जून को चार व्यक्ति

उसकी दुकान पर आए और सोने के आभूषण दिखाने के लिए कहा। आभूषण देखते समय उसे बातचीत

में उलझाकर चार जोड़ी सोने के कुंडल तथा चार सोने की नाक की तीलियां चोरी कर ली और

मौके से फरार हो गए।

एवीटी इंचार्ज नरेश कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस टीम

ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर आरोपियों

की पहचान कर तीन आरोपियों को काबू कर लिया। काबू किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान

ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी

निशानदेही पर चोरी किए गए चार जोड़ी सोने के कुंडल, चार सोने की नाक की तिलियां तथा

वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर

लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी

ली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर