जींद : अदालत परिसर को मिली बम से उड़ाने की धमकी
जींद, 31 जुलाई (हि.स.)। जिला अदालत को बम को उड़ाने की मेल पर मिली धमकी को लेकर शुक्रवार को पुलिस ने बम निरोध दस्ते तथा डॉग स्कवायड के साथ अदालत परिसर में सर्च अभियान चलाया। अदालत परिसर में आने वाले लोगों की तलाशी ली गई। संदिग्ध लोगों को वेरिफाई भी किया गया। लगभग साढ़े चार घंटे चले सर्च अभियान के दौरान कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। स्वयं एसपी कुलदीप सिंह ने भी मौके पर पहुंच गहनता से जांच की। हालांकि अदालतों का कामकाज सुचारू रूप से चलता रहा। धमकी भरी मेल को कहां से भेजा गया, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सैशन जज की मेल पर शुक्रवार को सुबह धमकी भरी मेल मिली। जिसमें अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलने के साथ ही पुलिस हरकत में आ गई और कोर्ट परिसर की चौकसी को बढा दिया गया। इसके साथ-साथ पुलिस का बम निरोधक, डॉग स्कवायड दस्ता अपने उपकरणों के साथ पहुंच गया। जिसके साथ परिसर में बारिकी से सर्च अभियान चलाया गया। अदालत परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गहनता से तलाशी ली गई। जो संदिग्ध दिखाई दिए उन्हें वेरीफाई किया गया। हालांकि अदालत परिसर में ज्यादा भीड़ नहीं थी। लगभग साढ़े चार घंटे तक अदालत परिसर को खंगाला गया।
सर्च अभियान के दौरान कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया गया। ज्यादातर लोग सर्च अभियान को स्वतंत्रता दिवस के मध्यनजर सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम मानते रहे। लोग व अधिवक्ता आराम से अपने कामों को निपटाते हुए दिखाई दिए। धमकी किस मेल से भेजी गई, उसका आईपी एड्रेस कहां का है, समेत अन्य तथ्यों का पुलिस पता लगाने में लगी है।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वतंत्र दिवस के मद्देनजर जींद पुलिस अलर्ट मोड पर है। सैशन जज की मेल पर बम से अदालत परिसर को उड़ाने की धमकी मिली थी। जिस पर सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया है। इस सर्च अभियान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा