जींद में जनस्वास्थ्य विभाग ने काटे पेयजल के 400 अवैध कनेक्शन, 1200 को नोटिस

 


जींद, 25 जुलाई (हि.स.)। जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने पेयजल को सर्विस स्टेशन, हरी सब्जी व हरा चारा लगाने में उपयोग वाले कनेक्शन सहित 400 अवैध कनेक्शन को अभियान के तहत काट दिया है। करीब 1200 अवैध कनेक्शन व पानी बर्बाद करने वालों को नोटिस दिया गया है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में विभाग की टीम बनाकर लोगों के पेयजल से संबंधित समस्याओं को दूर किया जा रहा है। इसके तहत विभाग की टीम अभियान के तहत विभिन्न गांवों ब शहरों में घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शन की जांच कर रही है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार डा. रणधीर मताना ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में कुछ पेयजल उपभोक्ताओं द्वारा सर्विस स्टेशन के लिए पेयजल का उपयोग किया जा रहा है, जो गलत है। अगर कोई उपभोक्ता ऐसा करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कुछ लोगो द्वारा सब्जी व हरे चारे के लिए भी पेयजल का गलत तरीके से उपयोग किया जाता है।

अगर कोई भी उपभोक्ता पेयजल का उपयोग सब्जी उगाने व हरा चारा उगाने के लिए करता हुआ पाया जाता है तो उसका पेयजल का कनेक्शन काट कर उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल के लिए विभाग की टीम पाइप लाइन लीकेज व अस्वच्छ कनेक्शन को तुरंत ठीक कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला में सभी जगह क्लोरीनयुक्त पेयजल की सप्लाई की जा रही है ओर गांव की हर गली से पानी के सैंपल लेकर पेयजल में क्लोरीनेशन की जाँच उपभोक्ता के सामने की जा रही है।

ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के साथ विभाग की टीम गांव में घर-घर जाकर खुले चल रहे पेयजल के कनेक्शन चेक कर रही है स अगर किसी उपभोक्ता द्वारा अपने पेयजल कनेक्शन पर टेप नहीं लगाई हुई तो टीम उसे नलों पर टेप लगाने का काम कररही है। मताना ने बताया कि एक अप्रैल 2026 से जिला जींद के सभी पांचों शहरों जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना व नरवाना में पेयजल बिल एकत्रित करने के लिए विशेष जोरदार अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा