हिसार : टैलेंट सर्च में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की रंगीन छटा

 








नृत्य, गायन, अभिनय और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर

विजेताओं को प्रमाण-पत्र व मेडल देकर किया सम्मानित

हिसार, 29 सितंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

में नवोदित छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित

टैलेंट सर्च-प्रतिभा खोज कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं

हुईं। विद्यार्थियों ने कला, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति के विविध रंगों से मंच को जीवंत

कर दिया।

नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय, लोक और समकालीन नृत्य शैलियों

में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भाव-अभिनय, मुद्राओं, पद-संचालन और लय-ताल के सुंदर संयोजन

से प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की गरिमा के

साथ आधुनिक नृत्य शैलियों की ऊर्जा और नवीनता भी प्रस्तुतियों में दिखाई दी। कार्यक्रम अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमके शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विक्रमजीत सिंह और निदेशक सांस्कृतिक मामले डॉ. तरुणा के

निर्देशन में आयोजित किया गया। सह-सांस्कृतिक निदेशक डॉ. गीतू ने आयोजन में महत्वपूर्ण

भूमिका निभाई। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. सुनेना, डॉ. साक्षी, डॉ. मनीषा,

डॉ. सोनिका एवं डॉ. रवींद्र उपस्थित रहे। एलोकेशन प्रतियोगिता में विधि प्रथम, दिव्या द्वितीय और काहना तृतीय रहीं।

पोस्टर मेकिंग में रिदम जांगड़ा प्रथम, नितिन द्वितीय और हर्षी तृतीय रहे। क्ले मॉडलिंग

में युवराज प्रथम, खुशी द्वितीय और तन्नू तृतीय रहे। मोनो एक्टिंग में पायल ने प्रथम

स्थान हासिल किया। गायन में अंशिका प्रथम, श्रेया जिंदल द्वितीय तथा आशीष सोनी और निम्सू

तृतीय रहे।

नृत्य प्रतियोगिता में हर्षिता प्रथम, राधा द्वितीय और नंदिनी तृतीय रहीं,

जबकि हार्दिक एवं दीपिका को सांत्वना पुरस्कार मिला। वादन प्रतियोगिता में तमन्ना ने

प्रथम स्थान हासिल किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को अधिष्ठाता छात्र कल्याण

प्रो. एमके शर्मा ने प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों

की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच रचनात्मक ऊर्जा को दिशा देने और विद्यार्थियों

के बहुआयामी व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कला, संस्कृति और सृजन के माध्यम से अपनी प्रतिभा

को अभिव्यक्त किया। इससे उन्हें अपनी अंतर्निहित प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें मंच

प्रदान करने का अवसर मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर