जींद में स्कूल चपड़ासी के फोन से मिले दसवीं कक्षा के प्रश्न पत्र के उत्तर
जींद, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के झमोला गांव स्थित पीएसपीएम स्कूल में दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को वहां तैनात एक चपड़ासी के मोबाइल फोन में प्रश्न पत्र के उत्तर मिलने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को शिकायत दी। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित दसवीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर चल रहा था। परीक्षा दोपहर के सत्र में शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। इसी दौरान बोर्ड द्वारा गठित फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम करीब तीन बजे अचानक केंद्र पर पहुंची और औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम की नजर केंद्र पर कार्यरत चपड़ासी सुरेंद्र पर पड़ी, जो अपने पास मोबाइल फोन रखे हुए था। परीक्षा केंद्र में ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन रखना नियमों के विरुद्ध है।
संदेह होने पर फ्लाइंग टीम ने उसका मोबाइल फोन चेक किया। जांच के दौरान मोबाइल की गैलरी में कोड डी के प्रश्नपत्र से संबंधित उत्तर पाए गए। इससे टीम के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत केंद्र अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। केंद्र अधीक्षक राममेहर ने आरोपी चपड़ासी सुरेंद्र के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास किया गया है, जो बोर्ड के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बताया कि मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि प्रश्नों के उत्तर मोबाइल में कैसे और किस माध्यम से पहुंचे तथा क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा