जींद : बोर्ड उपाध्यक्ष ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

 


जींद, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाओं के क्रम में शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा प्रदेशभर के केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा की गरिमा को बनाए रखने और नकल माफियाओं के मंसूबों को पस्त करने के लिए बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने मंगलवार काे जींद जिले के ग्रामीण अंचलों में स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने अपने निरीक्षण का आगाज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाठरथ से किया। यहां उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली और यह सुनिश्चित किया कि केंद्र के चारों ओर पुलिस का सुरक्षा घेरा अभेद्य हो। वहीं निरीक्षण के दौरान बोर्ड उपाध्यक्ष सफीदों खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाट पहुंचे। यहां चेकिंग के दौरान एक परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उपाध्यक्ष ने मौके पर ही उडऩदस्ते को बुला कर परीक्षार्थी के विरुद्ध अनुचित साधन केस दर्ज करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी कमरे में सामूहिक नकल या लापरवाही पाई गई तो संबंधित पर्यवेक्षक के खिलाफ न केवल विभागीय कार्रवाई होगी बल्कि उन्हें भविष्य में बोर्ड ड्यूटी से भी वंचित कर दिया जाएगा। सतीश शाहपुर ने कहा कि बोर्ड का प्राथमिक उद्देश्य उन बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करना है जो दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं। नकल एक सामाजिक बुराई है, जो विद्यार्थी की प्रतिभा का दमन करती है। अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक प्रदेश में नकल मुक्त परीक्षा का सपना पूर्णत: साकार नहीं हो जाता। जींद के हाट स्कूल में दर्ज हुए एक मामले को छोड़ कर पूरे जिले में शारीरिक शिक्षा की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा