जींद : शिक्षा विभाग कक्षा छठी के पात्र अनुसूचित जाति विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाएगा साइकिलें

 


जींद, 10 अगस्त (हि.स.)। अनुसूचित जाति के कक्षा छठी में पढऩे वाले पात्र विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 18 व 19 अगस्त को जिला स्तर पर साइकिल खरीद मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला जिला मुख्यालय स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला जींद शहर (जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय) जींद में आयोजित किया जाएगा।

मेले में उपलब्ध करवाई जाने वाली 20 इंची साइकिल की कीमत जीएसटी सहित 2800 रुपये तथा 22 इंची साइकिल की कीमत जीएसटी सहित तीन हजार रुपये निर्धारित की गई है। दोनों साइज की साइकिलें सभी रंगों में उपलब्ध होंगी। सोमवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि साइकिल खरीद मेले का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना है ताकि उन्हें शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कक्षा छठी के ऐसे अनुसूचित जाति के छात्र, छात्राएं पात्र होंगे, जो दो किलोमीटर या इससे अधिक दूरी से विद्यालय में आते हैं। हालांकि जो विद्यार्थी पहले से विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे हैंए उन्हें इस योजना के तहत साइकिल नहीं दी जाएगी।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि साइकिल खरीद मेले में जिले के साइकिल विक्रेता, निर्माता, डीलर एवं वितरक अपने-अपने साइकिल मॉडलों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाएंगे। प्रत्येक स्टॉल पर उपलब्ध साइकिलों के रेट बड़े एवं स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा ताकि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को साइकिल के मॉडल और निर्धारित कीमत की स्पष्ट जानकारी मिल सके। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह ने जिले के इच्छुक साइकिल विक्रेताओं, निर्माताओं, डीलरों एवं वितरकों से कहा कि वे 15 अगस्त तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद के कार्यालय में संपर्क करें ताकि बच्चों को साइकिलें उपलब्ध करवाई जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा