सिरसा में पीआईए लिखा जहाजनुमा गुब्बारा मिला, पुलिस ने शुरू की जांच
सिरसा, 29 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिले के गांव जमाल में रविवार काे पीआईए लिखा जहाजनुमा गुब्बारा मिलने से हडक़ंप मच गया। किसान खेतों में काम कर रहे थे इसी दौरान गुब्बारा आकर गिर गया। इस गुब्बारे पर पीआईए और चांद-सितारा छपा हुआ था। खेतों में इस तरह का गुब्बारा मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में कुछ समय के लिए भय और कौतूहल का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारा को अपने कब्जे में लिया।
जमाल-नेठराना रोड स्थित किसान जगत पाल बेनीवाल के खेतों में रविवार को अचानक यह गुब्बारा गिरा। उस वक्त खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर जब विमान जैसे दिखने वाले इस गुब्बारे पर पड़ी तो वे चौंक गए। गुब्बारा पर पीआईए लिखा देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने खेत में गिरे गुब्बारे का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई।
चौकी इंचार्ज सुबेसिंह ने बताया कि जमाल-नेठराना रोड स्थित जगत पाल बेनीवाल के खेतों में मिला यह गुब्बारा बेहद हल्का है और इस पर पीआईए लिखा हुआ है। उनके अनुसार संबंधित कंपनी अपनी एडवरटाइजिंग के लिए इस प्रकार के गुब्बारे छोड़ती है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह हल्का प्रचार गुब्बारा हवा के तेज रुख के कारण उड़ते हुए हरियाणा-राजस्थान सीमा के इस क्षेत्र तक पहुंच गया और खेतों में गिर गया। पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma