पलवल से लौट रही 19 वर्षीय युवती को कार में बैठाया, रातभर बंधक बनाकर वारदात, केस दर्ज

 

पलवल, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ लिफ्ट देने के बहाने सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद मानसिक आघात और सामाजिक भय के चलते पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उटावड़ थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने सोमवार को बताया कि पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई है। पीडि़ता ने बताया कि 17 मार्च की देर रात को वह अपने चाचा के घर से अपने गांव लौट रही थी। रास्ते में उसे परिचित युवक मुस्तकीम अपने साथी साबिर के साथ मिला। दोनों ने उसे घर छोड़ने का भरोसा दिलाकर कार में बैठा लिया। आरोप है कि युवक उसे उसके घर छोड़ने के बजाय गुरुग्राम ले गए, जहां एक किराए के कमरे में बंधक बना लिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने रातभर उसके साथ दुष्कर्म किया और अगले दिन सुबह उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद पीड़िता गहरे सदमे में चली गई। परिजनों के डर और मानसिक तनाव के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजन उसे गंभीर हालत में पहले फरीदाबाद के धौज स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां से बाद में उसे नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कुछ दिनों बाद होश में आने पर युवती ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग