सिरसा: जिले में 81 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन: एडीसी

 


सिरसा, 04 जून (हि.स.)। सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि जिले के दस लाख पांच हजार 598 मतदाताओं में से आठ लाख 13 हजार 583 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि एक लाख 92 हजार 15 मतदाताओं का सत्यापन शेष है। जिले में अब तक करीब 81 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। एडीसी गुरुवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर तहसीलदार चुनाव हनुमान दास भी मौजूद रहे।

एडीसी ने बताया कि जिले के 996 मतदान केंद्रों पर 996 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति की गई है जिनके माध्यम से मतदाताओं की पहचान और विवरण के सत्यापन का कार्य किया जाएगा।

हरियाणा में इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। जिन नागरिकों की आयु 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।

एडीसी अर्पित संगल ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 5 जून से 14 जून तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण और तैयारियां पूरी की जाएंगी। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। उन्होंने बताया कि घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान बीएलओ प्रत्येक परिवार से संपर्क करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों का पुर्नगठन कार्य 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।

21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनके निपटान की प्रक्रिया 18 सितंबर तक चलेगी और 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिनका नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ लिंक नहीं है, उनमें से एक जुलाई 1987 से पहले जन्मे मतदाता को केवल स्वयं का एक दस्तावेज देना होगा।

एक जुलाई 1987 से दो दिसंबर 2004 तक जन्मे व्यक्ति को अपना एक दस्तावेज व माता-पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा। दो दिसंबर 2004 के बाद जन्मे व्यक्ति को अपना एक दस्तावेज तथा माता एवं पिता दोनों का एक-एक दस्तावेज देना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma