सीईटी ग्रुप डी के लिए पहले ही दिन 77 हजार युवाओं ने किया आवेदन

 

चंडीगढ़, 20 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप डी सीईटी के लिए पोर्टल खोलने के पहले ही दिन 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया है। उधर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अभ्यर्थियों को तकनीकी दिक्कतें सामने आने लगी हैं। जिसके चलते आयोग ने अभ्यर्थियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिया है।

आयोग ने 19 जून से ग्रुप-डी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई है। पहले ही दिन पोर्टल पर भारी ट्रैफिक के कारण आवेदन प्रक्रिया धीमी पड़ गई, जिससे उम्मीदवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों की शिकायत पर आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने उम्मीदवारों से प्रमाणपत्रों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग श्रेणियों के प्रमाणपत्र निर्धारित अवधि के भीतर जारी होने चाहिए। गलत या पुराने प्रमाणपत्र अपलोड करने पर आवेदन में दिक्कत आ सकती है।

आयोग ने उम्मीदवारों की समस्याएं और सुझाव लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9063493990 जारी किया है। इसके अलावा गूगल फॉर्म के माध्यम से भी फीडबैक मांगा गया है। उम्मीदवार सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इस बीच कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने शनिवार की सुबह जारी जानकारी में बताया कि पहले ही दिन 77 हजार 735 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है, जिसमें से 26041 अभ्यर्थियों ने फाइनल सबमिट भी कर दिया है।

हिम्मत सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी अपने फॉर्म स्वयं भरें, फॉर्म भरने के बाद अच्छे से चेक कर के ही फाइनल सबमिट करें। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा