हरियाणा के 19 जिलाें में करीब 65 हजार विद्यार्थी देंगे नीट की परीक्षा
चंडीगढ़, 20 जून (हि.स.)। नीट-यूजी पुन परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हरियाणा में रविवार को 19 जिलों में नीट की पुन:परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में 175 परीक्षा केंद्रों में करीब 65 हजार विद्यार्थी रविवार को परीक्षा देंगे।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी तथा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों से तैयारियों के संबंध में रिपोर्ट ली।
उधर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के साथ मिलकर मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया। हरियाणा रोडवेज की तरफ से विभिन्न बस अड्डों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। राज्य सरकार परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा का ऐलान कर चुकी है। रेलवे की तरफ से भी हरियाणा में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण तथा सुरक्षा प्रबंधों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा में रविवार को गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, रेवाड़ी, जींद, नूंह, भिवानी, पलवल, सिरसा एवं महेंद्रगढ़ समेत 19 जिलों में किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग टीमें तथा क्विक रिस्पांस टीमें तैनात रहेंगी।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा सहायता, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर दोहरी सुरक्षा जांच (ड्यूल लेयर फ्रिस्किंग) की व्यवस्था की गई है। पहली जांच केंद्र के प्रवेश द्वार से पहले पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों द्वारा तथा दूसरी जांच केंद्र परिसर में प्रवेश के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जाएगी। प्रत्येक 100 अभ्यर्थियों पर कम से कम एक फ्रिस्किंग कर्मी तैनात रहेगा तथा फ्रिस्किंग टीमों में कम से कम 50 प्रतिशत महिला कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टरों का भी उपयोग किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, टैबलेट, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण, नोट्स, पुस्तकें, ढीले कागज अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी रखी जाएगी।
कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों को तैनात किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति, सुरक्षा उल्लंघन, चिकित्सा सहायता या अन्य अप्रत्याशित घटना से तत्काल निपटने के लिए प्रत्येक जिले में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आपातकालीन सहायता की आवश्यकता होती है और वह डायल-112 पर संपर्क करता है, तो आवश्यकता पडऩे पर वाहन द्वारा उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा