कैथल में 650 किलो खराब मिठाई बरामद
कैथल, 02 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच कुछ दुकानदार लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। इसका खुलासा उस समय हुआ, जब सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने जींद रोड पर अतिरिक्त अनाज मंडी के पास स्थित एक मिष्ठान भंडार पर छापेमारी की।
यहां बड़ी मात्रा में ऐसी मिठाइयां मिलीं, जिन्हें देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मिठाइयों के गोदाम में गंदगी का आलम था। खराब और बदबूदार सामग्री से मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। कई मिठाइयों पर फफूंदी लगी हुई थी, जबकि खुले में रखी मिठाइयों पर मक्खियां भिनभिना रही थीं।
टीम को सूचना मिली थी कि जींद रोड स्थित अंकित कुशवाहा मिष्ठान भंडार में खराब गुणवत्ता की मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां करीब 650 किलो मिठाई खराब हालत में मिली। इनमें लगभग 250 किलो मिल्क केक, 250 किलो ब्राउन बर्फी और 150 किलो के आसपास सफेद रसगुल्ले शामिल थे। रसगुल्लों की हालत भी काफी खराब थी। गोदाम में साफ-सफाई का कोई उचित प्रबंध नजर नहीं आया।
जांच के दौरान मिठाइयों की स्थिति इतनी खराब मिली कि उन्हें बिक्री और सेवन के लिहाज से अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करवा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीनों प्रकार की मिठाइयों के सैंपल लेकर सील किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने यह भी बताया कि इस मिष्ठान भंडार से शहर और आसपास के गांवों की छोटी दुकानों पर भी मिठाइयों की सप्लाई की जाती है। हालांकि, इस सप्लाई संबंधी दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। यदि ऐसी मिठाइयां बाजार में पहुंचती हैं तो इन्हें खाने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि सीएम फ्लाइंग जींद और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। मिठाइयों के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिष्ठान भंडार संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकान के लाइसेंस की भी जांच की गई है। यदि लाइसेंस में कोई अनियमितता पाई जाती है तो उस आधार पर भी कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे