झज्जर : 'अस्मिता' में हुए खेलों में 600 से अधिक महिलाओं ने मचाया धमाल
झज्जर, 08 मार्च (हि.स.)। गांव तलाव में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में हुई महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 600 से अधिक महिलाओं ने अत्यधिक उत्साह के साथ भाग लिया। लगभग सभी प्रतियोगिताओं में ग्रामीण महिलाएं छाई रही।
महिला दिवस पर महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में और माय भारत एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रविवार को आयोजित 100 मीटर दौड़ (फाइनल) अंडर-13 वर्ग में लक्षिता प्रथम, हर्षिता द्वितीय और सृष्टि ने तृतीय हासिल किया। वहीं 18 आयु वर्ग में सुनीति प्रथम, भूमिका द्वितीय और साक्षी तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रथम स्थान ज्योति ने, द्वितीय स्थान अनीता ने और तृतीय स्थान मानसी ने पाया।
अंडर-13 वर्ग की 200 मीटर दौड़ में लक्षिता प्रथम, करुणा द्वितीय और सृष्टि तृतीय रही। तेरह से 18 वर्ष आयु वर्ग में भूमिका प्रथम, मनंत द्वितीय और साक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मानसी प्रथम, अनीता द्वितीय और मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 400 मीटर दौड़ के अंडर-13 आयु वर्ग में करुणा प्रथम, सृष्टि द्वितीय और प्रिंसी तृतीय रही। 13 से 18 वर्ष वर्ग में निशु प्रथम, मनंत द्वितीय और साक्षी तृतीय रही। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रमिला प्रथम नेहा द्वितीय और कविता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेल, फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना और खेलों में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, बेहतर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस बीच माय भारत के जिला युवा अधिकारी ब्रिजेश कौशिक ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष बंसल, पूर्व चैंपियन एथलीट रमेश शास्त्री, पवन कोच, ज्योति कोच, उप निरीक्षक पूजा और रचना सुपरवाइजर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज