सोनीपत: रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 60 लाख ठगने वाला 13 साल बाद काबू

 


सोनीपत, 14 जुलाई (हि.स.)। रेलवे

में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 60 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पिछले

13 वर्ष से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सोनीपत पुलिस ने पश्चिम बंगाल

से गिरफ्तार किया है। आरोपी को राहदारी रिमांड पर लेकर सोनीपत लाया जा रहा है।

थाना

राई में गांव मकीमपुर निवासी शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत

के अनुसार आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत कई युवकों को रेलवे में नौकरी दिलाने

का झांसा देकर उनसे करीब 60 लाख रुपये ठग लिए थे। गिरफ्तार

आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रघुनाथपुरा निवासी सदन सरकार के रूप

में हुई है। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी दयाकिशन सांगवान को न्यायालय

दोषी ठहरा चुका है, जबकि दूसरे आरोपी मदिवानन की मुकदमे के दौरान मृत्यु हो गई थी।

पुलिस

के अनुसार आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार

पर 13 जुलाई 2026 को पुरुलिया में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर हरियाणा

पुलिस की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे पुरुलिया की अदालत में पेश कर

छह दिन का राहदारी रिमांड लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी को सोनीपत लाकर

न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस

आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि आर्थिक अपराध कर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले

आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए

पुलिस लगातार तकनीकी और कानूनी माध्यमों का उपयोग कर रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त

कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना